नयी दिल्ली , अप्रैल 28 -- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को किर्गिस्तान के बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक से इतर चीन, रूस, किर्गिस्तान और बेलारूस के रक्षा मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें की और परस्पर हितों तथा अंतराष्ट्रीय महत्व के विषयों पर चर्चा की।

श्री सिंह एससीओ देशों के रक्षा मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए किर्गिस्तान की यात्रा पर हैं। द्विपक्षीय मुलाकातों के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर सिलसिलेवार पोस्ट में इसकी जानकारी दी।

उन्होंने कहा ," बिश्केक में एससीओ रक्षा मंत्रियों की बैठक के दौरान किर्गिस्तान के रक्षा मंत्री मेजर जनरल मुकाम्बेतोव रुस्लान मुस्तफायेविच के साथ अत्यंत सार्थक बैठक हुई। भारत और किर्गिज़ गणराज्य सामरिक भागीदार हैं, जो लोकतंत्र, विकास, संस्कृति और समृद्ध विरासत जैसे साझा मूल्यों में विश्वास रखते हैं।"रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत किर्गिज़ गणराज्य के साथ साझेदारी के विकास को उच्च प्राथमिकता देता है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग विभिन्न क्षेत्रों में फैला हुआ है और रक्षा सहयोग हमारे संबंधों का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित