नयी दिल्ली , अक्टूबर 18 -- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार और मंगलवार को ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में होने वाली शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शासनाध्यक्षों की परिषद की 25वीं बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

रक्षा मंत्रालय ने रविवार को बताया कि बैठक में सदस्य देशों के बीच व्यापार, अर्थव्यवस्था, निवेश, संपर्क, नवाचार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।

बैठक में संगठन के तहत चल रही सहयोग योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी। इसके अलावा, संगठन के वित्तीय और संस्थागत कामकाज से जुड़े फैसलों पर विचार किया जाएगा।

भारत एस सी ओ के विभिन्न तंत्रों में सक्रिय रूप से भाग ले रहा है। भारत स्टार्टअप और नवाचार, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे तथा लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने जैसे क्षेत्रों में सहयोग कर रहा है। इस बैठक में भारत को संगठन के अन्य सदस्य देशों के साथ व्यावहारिक और पारस्परिक लाभ वाले सहयोग को आगे बढ़ाने पर विचार साझा करने का अवसर मिलेगा।

एससीओ के शासनाध्यक्षों की परिषद की पिछली बैठक गत नवंबर में रूस की राजधानी मॉस्को में हुई थी। उस बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित