राजनांदगांव , सितंबर 16 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव से हैदराबाद भेजा गया करीब 9.36 लाख रुपये मूल्य का चना और मटर गंतव्य तक नहीं पहुंचने के मामले में पुलिस ने दो ट्रक चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार पुरानी सिविल लाइन निवासी खिलेश्वर देवांगन ग्राम भेंडीकला में पीएनडी उद्योग के नाम से चना फैक्ट्री संचालित करते हैं। उन्होंने अकोला के एक ब्रोकर की मांग पर एक सितंबर को अग्रवाल ट्रांसपोर्ट के माध्यम से ट्रक क्रमांक एमएच-27 डीटी-0880 में 320 कट्टा फूटा मटर और 80 कट्टा फूटा चना हैदराबाद के बेगम बाजार भेजा था।

ट्रक में करीब 120 क्विंटल माल लोड था, जिसकी कुल कीमत 9 लाख 36 हजार 840 रुपये बताई गई है। माल तीन सितंबर तक हैदराबाद पहुंचना था, लेकिन चार सितंबर तक नहीं पहुंचने पर व्यापारी ने चालकों से संपर्क किया। चालकों ने वाहन में तकनीकी खराबी का हवाला देते हुए एक दिन बाद माल पहुंचाने की बात कही, लेकिन इसके बाद उनके मोबाइल फोन बंद हो गए।

व्यापारी ने अमरावती निवासी ट्रक मालिक से भी संपर्क किया, लेकिन चालकों और माल के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।

चिखली पुलिस चौकी की प्रारंभिक जांच के बाद राजनांदगांव कोतवाली में ट्रक चालक जीतून जादव और आकाश पवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित