राजनांदगांव , अक्टूबर 23 -- केंद्र सरकार की 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के तहत राजनांदगांव जिले में अब तक 7,557 से अधिक घरों में सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। जिले में योजना के प्रति बढ़ती रुचि को देखते हुए प्रशासन ने दिसंबर 2026 तक 10,000 सोलर कनेक्शन स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

जिला प्रशासन से आज मिली जानकारी के अनुसार कलेक्टर जितेंद्र यादव के मार्गदर्शन और विशेष निगरानी में योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाई जा रही है। जिला प्रशासन के अनुसार, ऊर्जा विभाग की मैदानी मॉनिटरिंग और अधिकृत वेंडर्स के साथ बेहतर समन्वय से सोलर पैनल स्थापना के कार्यों में प्रगति आई है।

जिला प्रशासन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, योजना के अंतर्गत अब तक कुल 15,324 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 14,969 आवेदनों के लिए वेंडर चयन की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। जिले में 7,557 से अधिक घरों में सोलर पैनल स्थापित किए गए हैं, जबकि 4,601 हितग्राहियों के बैंक खातों में सब्सिडी की राशि सीधे अंतरित की गई है।

योजना के प्रति नागरिकों की भागीदारी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक ही दिन में 99 नए आवेदन प्राप्त हुए और 74 घरों में सोलर पैनल लगाने का कार्य पूरा किया गया।

जिले में सौर ऊर्जा के विस्तार को गति देने के लिए प्रशासन ने दिसंबर तक 10,000 सोलर कनेक्शन का लक्ष्य रखा है। निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य हासिल करने के लिए संबंधित विभागों और अधिकृत वेंडर्स को समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया जा रहा है। कलेक्टर जितेंद्र यादव योजना की नियमित समीक्षा कर रहे हैं, ताकि स्थापना कार्यों में तेजी लाने के साथ हितग्राहियों को सब्सिडी का लाभ दिलाया जा सके।

जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों से 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार, घरों में सोलर पैनल स्थापित होने से बिजली बिल में कमी लाने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित