राजनांदगांव , मार्च 11 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के घुमका थाना क्षेत्र के ग्राम उपरवाह में सेमी तोड़ने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सेमी तोड़ने से मना करने पर पिता-पुत्र ने मिलकर एक बुजुर्ग पर बंदर भगाने वाली बंदूक के बट और डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे घुमका पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम उपरवाह निवासी किशन लाल साहू (62 वर्ष) पर जानलेवा हमला किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि किशन लाल साहू ने अपने घर के घेरे में सेमी का पौधा लगाया था। इसी दौरान आरोपी अनुज राम साहू और उसका बेटा लोमन साहू बिना पूछे सेमी तोड़ रहे थे। जब किशन लाल साहू ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, तो दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
विवाद बढ़ने पर आरोपी अनुज राम साहू ने बंदर भगाने वाली बंदूक के लकड़ी के बट से बुजुर्ग के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं लोमन साहू ने डंडे से पीड़ित की जांघ पर वार किया।
वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए और घायल बुजुर्ग को मरणासन्न अवस्था में छोड़ दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित