राजनांदगांव , अप्रैल 13 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ स्थित खालसा पब्लिक स्कूल में शिक्षिका द्वारा की गई पिटाई से सातवीं कक्षा का एक छात्र को सुनने में दिक्कत हो रही है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी शिक्षिका प्रियंका सिंह को सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया, जबकि दूसरी शिक्षिका नम्रता साहू की तलाश जारी है।

गौरतलब है कि यह घटना पिछले साल दो जुलाई की है। जब सातवीं कक्षा के छात्र सार्थक सहारे ने स्कूल में पढ़ाई के दौरान किताब देर से निकाली । इस पर क्लास टीचर नम्रता साहू ने मामले की शिकायत स्कूल की इंचार्ज प्रियंका सिंह से की। बताया जा रहा है कि नाराज प्रियंका सिंह ने छात्र के कान के पास कई थप्पड़ जड़ दिये।

स्कूल से घर लौटने के बाद छात्र ने परिजनों को सुनाई नहीं देने की शिकायत की। परिजन उसे तत्काल डोंगरगढ़ के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच में कान में अंदरूनी चोट की पुष्टि हुई। स्थिति गंभीर होने पर छात्र को पहले राजनांदगांव और बाद में रायपुर के निजी अस्पताल में रेफर किया गया। वर्तमान में उसका इलाज जारी है, लेकिन सुनने में समस्या बनी हुई है।

घटना के बाद परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच कर साक्ष्य जुटाए और कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षिका प्रियंका सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, इस मामले में शामिल दूसरी शिक्षिका नम्रता साहू फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

इस घटना के बाद स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और अनुशासन के नाम पर होने वाली सख्ती को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित