राजनांदगांव , अगस्त 22 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कैलेंडर वर्ष 2026 के लिए स्थानीय अवकाश घोषित किए हैं।

जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार सामान्य पुस्तक परिपत्र (भाग-दो) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए स्थानीय अवकाशों की घोषणा की गई है। आदेश के तहत पांच सितंबर, शनिवार को गोविंदा उत्सव के अवसर पर केवल डोंगरगढ़ तहसील में स्थानीय अवकाश रहेगा।

इसी तरह 25 सितंबर, शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर डोंगरगढ़ तहसील को छोड़कर जिले के शेष क्षेत्रों में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। 19 अक्टूबर, सोमवार को दशहरा (महाअष्टमी) और 11 नवंबर, बुधवार को भाई दूज/दीपावली के अवसर पर पूरे जिले में स्थानीय अवकाश रहेगा।

आदेश के मुताबिक ये स्थानीय अवकाश बैंकों एवं कोषालयों पर लागू नहीं होंगे, जबकि संबंधित क्षेत्रों के अन्य शासकीय कार्यालयों और संस्थाओं में प्रभावी रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित