राजनांदगांव , मई 08 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव पुलिस ने खुद को खनन विभाग का अधिकारी बताकर अवैध वसूली करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में डोंगरगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है।
पुलिस से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रामसिंह राजपूत (निवासी ग्राम दर्री) ट्रांसपोर्टिंग और जेसीबी का व्यवसाय करते हैं, वह सात मई को ग्राम आमगांव में एक किसान के खेत में मिट्टी समतलीकरण का कार्य करवा रहे थे। दोपहर करीब 3:00 बजे एक स्विफ्ट कार में सवार तीन लोग वहां पहुंचे।
आरोपियों ने खुद को खनन विभाग का अधिकारी बताया और अवैध खनन का आरोप लगाते हुए प्रार्थी व उसके ड्राइवर तनुज कुमार को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। उन्होंने कार्रवाई और बदनामी का डर दिखाकर 10,000 रुपये की मांग की। डर के मारे प्रार्थी ने उनके मोबाइल पर Rs.6,000 ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।
घटना की सूचना मिलते ही डोंगरगांव पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने घेराबंदी कर कुमरदा पेट्रोल पंप के पास संदिग्ध वाहन को रोका और उसमें सवार तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित