राजनांदगांव , अक्टूबर 11 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में स्कूली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और भविष्य के लिए उपयुक्त कैरियर चुनने में सहायता देने के उद्देश्य से ऑनलाइन मार्गदर्शन कक्षाओं की शुरुआत की गई है। जिला प्रशासन से आज मिली जानकारी के अनुसार इस पहल के पहले दिन जिले के 152 शासकीय एवं निजी विद्यालयों के 15 हजार 151 विद्यार्थियों और एक हजार 270 शिक्षकों ने हिस्सा लिया।
जिला प्रशासन की इस पहल के तहत विद्यार्थियों को संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई), राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विषय विशेषज्ञों और प्रशासनिक अधिकारियों का मार्गदर्शन मिलेगा। कक्षाओं का आयोजन प्रत्येक शनिवार और रविवार को सुबह आठ से नौ बजे तक किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत में कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने स्वयं ऑनलाइन कक्षा लेकर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कैरियर चयन, लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी।
कलेक्टर ने कहा कि कक्षा 11वीं और 12वीं का समय विद्यार्थियों के भविष्य की दिशा निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस दौरान स्पष्ट लक्ष्य तय कर नियमित अध्ययन और कठिन परिश्रम करने से सफलता की संभावनाएं बढ़ती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने और असफलताओं से सीख लेकर निरंतर आगे बढ़ने की सलाह दी।
पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियां सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं। दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर प्रयास से विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने गणित, जीव विज्ञान, रक्षा सेवाओं, रेलवे, बैंकिंग, व्यवसाय और स्वरोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं के बारे में बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित