राजनांदगांव , जुलाई 24 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के बोरतलाब थाना क्षेत्र के चर्चित नाबालिग प्रसव मामले में सनसनीखेज मोड़ पर आ गया है। इस संवेदनशील प्रकरण में पुलिस और जांच कमेटी की रिपोर्ट ने पूरे प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित और कठोर कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा है।
प्रकरण की आंतरिक जांच के लिए गठित कमेटी की रिपोर्ट ने इस मामले को एक नया और विवादास्पद मोड़ दे दिया है। तीन सदस्यीय डाक्टरों की टीम ने रिपोर्ट में बताया गया कि अक्टूबर 2025 में कृष्णा हॉस्पिटल राजनांदगांव में हुये नाबालिक के प्रसव संबंध में उसके उपचार में लापरवाही संबंधित जांच निर्देश पर विशेषज्ञ टीम सदस्यों के द्वारा आठ अप्रैल 2026 को कृष्णा अस्पताल का निरीक्षण किया था। रिपोर्ट के मुताबिक कृष्णा हॉस्पिटल के रिकॉर्ड और कंसेंट शीट के अवलोकन से यह खुलासा हुआ है कि अस्पताल के दस्तावेजों में पीड़िता की उम्र 19 वर्ष दर्ज पायी गयी।
जांच रिपोर्ट में प्रसूता का उल्लेख 'महिला' के रूप में किया गया है, जिसके आधार पर स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा उसका समय समय पर उपचार और प्रसव कराए जाने की बात सामने आई है लेकिन रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि पीड़िता का वास्तविक उपचार समय-समय पर कहां-कहां चला और कृष्णा हॉस्पिटल में किस महिला डॉक्टर ने उसका प्रसव कराया था।
विशेषज्ञों की टीम ने अपनी रिपोर्ट में उपचार के दौरान किसी भी प्रकार की चिकित्सीय लापरवाही से इंकार किया है।
दूसरी ओर, राजनांदगांव पुलिस ने इस गंभीर मामले में शुरू से ही सख्त रवैया अपनाया है। गत 25 मार्च 2026 को जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस मामले में पुलिस की कार्रवाई का ब्योरा दिया गया, जिसमें इस मामले में थाना बोरतलाब में गंभीर धाराओं के तहत नाबालिग बालिका के प्रसूति और अस्पताल की गंभीर लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है। वहीं इस मामले में अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने की सिफारिश पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के द्वारा की गई। पुलिस अधीक्षक ने कृष्णा हॉस्पिटल और डॉ. दीपक पंसारी का मेडिकल लाइसेंस रद्द करने के लिए नेशनल मेडिकल कमीशन और स्टेट मेडिकल काउंसिल को विस्तृत साक्ष्यों के साथ पत्र भेजा है।
इस मामले का एक अन्य आरोपी डॉ विजय राज को फरार घोषित भी किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा औपचारिक उद्घोषणा जारी की गई है। यदि किसी के पास सूचना हो, तो पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 91 94791 92199 पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस ने इस बहुचर्चित मामले में न्यायालय में चालान भी प्रस्तुत किया है। इस मामले में 10 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित