राजनांदगांव , सितंबर 03 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में जर्जर सड़कों को लेकर ग्रामीणों के चक्काजाम के बाद जिला प्रशासन ने सड़क सुधार की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने गुरुवार को प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने रवेली-तोरणकट्टा, तोरणकट्टा-ठाकुरटोला और सिंघोला-भोथीपार खुर्द मार्गों का निरीक्षण कर सड़कों की स्थिति का जायजा लिया। सिंघोला से भोथीपार खुर्द तक करीब दो किलोमीटर सड़क की खराब स्थिति पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग को दो दिनों के भीतर गिट्टी-बजरी डालकर मार्ग को आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क के स्थायी निर्माण के लिए आगामी बजट में प्रस्ताव शामिल कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा।

रवेली-तोरणकट्टा और तोरणकट्टा-ठाकुरटोला मार्ग के निरीक्षण के दौरान उन्होंने वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद स्थायी सड़क निर्माण के लिए शासन को भेजे गए बजट प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की मांग पर तोरणकट्टा स्थित विद्यालय के सामने सड़क का कांक्रीटीकरण कराने को भी कहा गया।

ग्रामीणों ने भारी वाहनों और अवैध रेत परिवहन के कारण सड़कों को नुकसान पहुंचने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने खनिज अधिकारी और तहसीलदार को संयुक्त कार्रवाई कर अवैध रेत परिवहन पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

इसके बाद कलेक्टर तोरणकट्टा में आयोजित 'सूर्य सभा' में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी दी और योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित