राजनांदगांव , मई 14 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिला पुलिस ने शहर के एक प्रतिष्ठित सिगरेट गोदाम में हुई लाखों की चोरी का खुलासा करते हुए तीन अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जिसकी जानकारी आज पुलिस ने दी ।
आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त 10 लाख रुपये मूल्य की अर्टिगा कार भी जप्त की गई है।
मामला एक मई 2026 का है, जब प्रार्थी राहुल तेजवानी ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल की रात अज्ञात चोरों ने उनके 'आर.सी.एम. इन्टरप्राईजेस' और अनमोल परिसर स्थित गोदाम का ताला तोड़कर भारी मात्रा में सिगरेट के कार्टून चोरी कर लिए। चोरी गई सिगरेट (गोल्ड किंग, गोल्ड फ्लेक आदि) की कुल कीमत लगभग 11,90,000 रुपये आंकी गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुवे सायबर सेल और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने शहर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों का पीछा करते हुए जबलपुर (म.प्र.) और पुणे (महाराष्ट्र) तक दबिश दी। इस मामले में पुलिस ने पुणे निवासी सागर घोड़के (29), कुणाल पांडुरंग जाधव (26) और विपुल विटकर (21) गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी विक्रम राजपूत के साथ मिलकर कार से राजनांदगांव आकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई अर्टिगा कार को जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले का मुख्य आरोपी विक्रम सिंह राजपूत अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित