राजनांदगांव , जनवरी 13 -- राजनांदगांव में इस वर्ष गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह पुनः अपनी पारंपरिक भव्यता के साथ दिग्विजय स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। बीते कई वर्षों से म्युनिसिपल स्कूल मैदान में हो रहे आयोजन के बाद राष्ट्रीय पर्व की वापसी शहर के प्रमुख स्टेडियम में तय की गई है।

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने मंगलवार ये स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा कि 26 जनवरी का मुख्य समारोह दिग्विजय स्टेडियम में ही संपन्न होगा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप समय-सीमा में समस्त तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विभिन्न विभागों की झांकियों की रूपरेखा शीघ्र तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित होना चाहिए।

इस निर्णय के पीछे हाल ही में हुआ एक महत्वपूर्ण राजनीतिक एवं प्रशासनिक संवाद भी अहम रहा। 11 जनवरी को पूर्व महापौर एवं वरिष्ठ नेता अजीत जैन ने विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह से मुलाकात कर दिग्विजय स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह पुनः आयोजित करने की मांग रखी थी। इस दौरान श्री राधेश्याम गुप्ता भी उपस्थित थे।

श्री जैन ने तर्क दिया कि स्टेडियम में निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और वहां आयोजित राष्ट्रीय समारोहों की भव्यता एवं गरिमा छोटे मैदानों की तुलना में कहीं अधिक प्रभावशाली होती है। इस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सकारात्मक पहल करते हुए प्रशासन से आवश्यक चर्चा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित