राजनांदगांव , अक्टूबर 20 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के ठेलकाडीह विद्युत उपकेंद्र में कर्मचारियों की कमी और बिजली आपूर्ति में कथित अव्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय उपभोक्ताओं में नाराजगी है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि 25 से अधिक गांवों और क्षेत्र के कई क्रेशर उद्योगों को बिजली आपूर्ति की जिम्मेदारी संभालने वाले इस उपकेंद्र में केवल चार कर्मचारी तैनात हैं।

स्थानीय नागरिकों से आज मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के कई हिस्सों में पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। इससे ग्रामीणों और औद्योगिक इकाइयों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली संबंधी शिकायतों के निराकरण के लिए उपकेंद्र पहुंचने वाले उपभोक्ताओं को आपूर्ति बहाल होने के समय के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है।

उपभोक्ताओं ने क्षेत्र के प्रभारी पूरण लाल कवर का मोबाइल फोन लगातार बंद मिलने की भी शिकायत की है। उनका कहना है कि बिजली आपूर्ति बाधित रहने के दौरान जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क नहीं हो पाने के कारण समस्याओं के समाधान में देरी हो रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित