राजनांदगांव , मई 20 -- छत्तीसगढ में राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम मनगट्टा में लगभग 150 एकड़ भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ प्रशासन ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया।

जिला कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से विकसित किए गए मार्ग, प्रवेश द्वार एवं अन्य निर्माण कार्यों को हटाया।

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मनगट्टा में बिना वैधानिक अनुमति एवं नियमानुसार स्वीकृति के बड़े पैमाने पर अवैध प्लाटिंग किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने स्थल का निरीक्षण कर कार्रवाई की।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति कृषि भूमि का अवैध रूप से प्लाटिंग करना नियमों का उल्लंघन है तथा ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भूमि अथवा प्लाट की खरीदी से पहले उसकी वैधानिक स्थिति, अनुमति एवं दस्तावेजों की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित