रांची , मार्च 21 -- झारखंड की राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में मस्जिदों में कड़ी सुरक्षा के बीच ईद उल फितर की नमाज अदा की गई।

रांची में आईजी सह एडीजी सीआईडी मनोज कौशिक ने खुद शहर में घूम-घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

सुबह से ही ईदगाह परिसर में बच्चों से लेकर बुजुर्ग नामाजियों की भीड़ उमड़ने लगी थी। सभी ने नामाज अदा करने के बाद एक-दूसरे को मुबारकबाद दी।

कोयलांचल की हृदयस्थली धनबाद में ईद-उल-फितर का पर्व अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर के ऐतिहासिक रेलवे ग्राउंड में आयोजित मुख्य नमाज में हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग जुटे।सामूहिक इबादत के दौरान देश की खुशहाली, अमन-चैन और तरक्की के लिए दुआएं मांगी गईं।

बोकारो जिले में ईद का पर्व अकीदत और उल्लास के साथ मनाया गया, जहां मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी। नमाज के बाद अमन-चैन और भाईचारे की दुआ की गई। प्रशासन की निगरानी में त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी।

बाबानगरी देवघर के जामा मस्जिद में सभी मोमिन समाज के लोगों ने रमजानुल मुबारक माह के जुम्मे की नमाज अकीदत के साथ अदा की। जामा मस्जिद में पहुंचे हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने कहा कि 30 दिन के रोजे के बाद ईद के नमाज पढ़ने का मौका मिला है। ईद का नमाज पढ़ने पहुंचे नमाजदारों ने देश और समाज के लिए अमन और शांति की दुआ की।

पाकुड़ जिले में उल फितर के मौके पर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। इसी कड़ी में डीसी मनीष कुमार और एसपी निधि द्विवेदी खुद मैदान में उतरे और शहर के अलग-अलग मस्जिदों, ईदगाहों और प्रमुख चौक-चौराहों का निरीक्षण किया। सुबह से ही दोनों अधिकारियों ने कई इलाकों का दौरा किया और वहां तैनात पुलिस बल को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने खास तौर पर भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत रखने को कहा, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित