रांची , मार्च 15 -- झारखंड की राजधानी रांची में रविवार को ट्रैफिक पुलिस ने शहर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया।
यह अभियान रांची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उनसे नियमों का पालन करने की अपील की।
जागरूकता अभियान के तहत शहर में बाइक रैली भी निकाली गई। यह रैली बिरसा चौक से शुरू होकर अरगोड़ा चौक होते हुए फिरायालाल चौक तक गई। रैली में ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी और जवान शामिल हुए। रास्ते में लोगों को रोककर समझाया गया कि सड़क पर सुरक्षित रहना सिर्फ पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। अगर सभी लोग नियमों का पालन करेंगे, तभी सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
वहीं अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिखाया कि बिना हेलमेट बाइक चलाना, ट्रिपल राइडिंग करना या शराब पीकर गाड़ी चलाना कितना खतरनाक हो सकता है। नाटक में यह संदेश दिया गया कि कई बार लोग जल्दबाजी या लापरवाही में नियमों को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन वही छोटी सी गलती किसी की जिंदगी छीन सकती है।
अभियान के दौरान ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने लोगों को बाइक चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनने, कार चलाते समय सीट बेल्ट जरूर लगाने, ट्रिपल राइडिंग बिल्कुल न करने, शराब पीकर गाड़ी न चलाने, तेज और लापरवाही से वाहन न चलाने नियमों के बारे में बताया।
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने कहा कि इन साधारण नियमों का पालन करके कई बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
इस अभियान में रांची नगर क्षेत्र के कई डीएसपी, ट्रैफिक डीएसपी, कई थानेदार, ट्रैफिक थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद थे।
एसपी ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे। लोगों से अपील की गई कि वे खुद भी नियमों का पालन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित