नयी दिल्ली , अप्रैल 09 -- दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली के भीतर बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
श्री सिरसा ने आज राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र के ख्याला और विष्णु गार्डन सहित अन्य क्षेत्र में 4.5 करोड़ की लागत से विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा, "दिल्ली के भीतर बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पिछले कई वर्षों में पिछली सरकारों द्वारा जो उपेक्षा हुई, उसे अब तेज गति से दूर किया जा रहा है। पुरानी सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार का कोई कार्य नहीं किया,जहां भी जाते हैं, टूटी सड़कों और अव्यवस्थित ढांचे की समस्याएं सामने आती हैं, हम इन्हें जड़ से ठीक करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"उन्होंने बताया कि इन विकास कार्यों में ख्याला गांव की सड़कों का पुनर्निर्माण, चोखंडी क्षेत्र में सड़क सुधार, सीवेज लाइनों का विस्तार तथा एक प्रमुख सड़क और उससे जुड़े नाले का निर्माण शामिल है, जिसकी मांग लंबे समय से स्थानीय निवासियों द्वारा की जा रही थी। उन्होंने कहा, इस वर्ष दिल्ली सरकार द्वारा इंफ्रास्ट्रक्चर पर अधिकतम निवेश किया जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सरकार द्वारा 32,000 करोड़ के प्रावधान के साथ राजधानी को नयी दिशा देने का कार्य प्रारंभ हो चुका है। यह केवल शुरुआत है, पूरी विधानसभा क्षेत्र में इसी प्रकार व्यापक विकास सुनिश्चित किया जाएगा।"श्री सिरसा ने जोर देते हुए कहा कि दिल्ली को विकसित दिल्ली बनाने के लिए प्रत्येक क्षेत्र में नई सड़कों, बेहतर जल निकासी व्यवस्था और हरित क्षेत्रों का विस्तार जरूरी है। जब तक दिल्ली के हर मोहल्ले को साफ, व्यवस्थित और आधुनिक नहीं बनाया जाएगा, तब तक विकसित भारत और विकसित दिल्ली का सपना पूरा नहीं हो पाएगा। हमारी सरकार इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर कार्यरत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित