नयी दिल्ली , जुलाई 21 -- कन्याकुमारी से कांग्रेस सांसद विजय वसंत ने परीक्षा प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं, संसद के निकट प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और शिक्षा मंत्रालय की जवाबदेही पर लोकसभा में तत्काल चर्चा कराने की मांग को लेकर स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है।
श्री विजय वसंत ने कहा है कि लगातार हो रहे परीक्षा पेपर लीक ने देश की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को गंभीर रूप से प्रभावित किया है और इससे करोड़ों छात्रों और नौकरी के अभ्यर्थियों का भविष्य दांव पर लग गया है।
उन्होंने सोमवार को संसद के बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई, राजधानी के कुछ इलाकों में कथित रूप से इंटरनेट सेवाएं बंद किए जाने और इस पर गृह मंत्री के सदन में बयान न देने को गंभीर मामला बताया है।
कांग्रेस सांसद ने सरकार से इन घटनाओं पर विस्तृत बयान देने, पेपर लीक रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा तंत्र विकसित करने, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और परीक्षा प्रणाली में छात्रों और आम जनता का विश्वास बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने इन मुद्दों पर सदन में तत्काल चर्चा करने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित