पटना, मार्च 29 -- बिहार राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने शाम छह बजे से रात्रि दस बजे में बढ़ाएं गये बिजली दर को वापस लेने और 24 घंटे एक ही दर से बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
राजद प्रवक्ता श्री गगन ने आज बयान जारी कर कहा कि जब से राज्य सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा की है , तब से पूरे बिहार में बिजली की कटौती काफी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि पीक आवर में हीं बिजली की कटौती ज्यादा होती है, जिसका सबसे ज्यादा असर बच्चों की पढ़ाई और गृहणियों की रसोई घर पड़ता है। अब सरकार ने शाम छह बजे से रात दस बजे तक बिजली की कीमत महंगी करने का निर्णय लिया है, जबकि शाम छह बजे से रात दस बजे तक ही बिजली की ज्यादा आवश्यकता रहती है और खपत भी ज्यादा होती है।
श्री गगन ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से सबसे ज्यादा छात्र और गृहणी प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि यह समय छात्रों के पढ़ने और गृहणियों के खाना बनाने का रहता है। स्मार्ट मीटर लगाने के बाद बिजली शुल्क की अनियमित और मनमाने कटौती के कारण पहले से हीं उपभोक्ताओं की परेशानी काफी बढ़ गई है। और अब बढ़े हुए शुल्क के कारण उपभोक्ताओं के उपर और भी ज्यादा आर्थिक बोझ बढ़ जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित