रांची , सितंबर 26 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत शनिवार को झारखंड के सभी 24 जिलों और महानगरों में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया।
यह कार्यक्रम राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के निर्देश पर आयोजित किया गया।
राजद के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने सभी जिला एवं महानगर अध्यक्षों को विरोध प्रदर्शन आयोजित करने का निर्देश दिया था। प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने बताया कि रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
कैलाश यादव ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली को लेकर चुनाव आयोग के भीतर भी सवाल उठाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि दो चुनाव आयुक्तों ने पिछले महीनों में कई बार आपत्तियां दर्ज कराईं और इस संबंध में केंद्रीय कैबिनेट सचिव को भी अवगत कराया गया।
राजद प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि आईटी सिस्टम और फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण से जुड़े बदलावों में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। पार्टी ने इन मुद्दों को लेकर चुनाव आयोग से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता महत्वपूर्ण है। राजद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
रांची में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम दास सिंह, अनीता यादव, महासचिव मनोज पांडेय, इरफान अंसारी, प्रणय बबलू, सचिव रामकुमार यादव, मनोज अग्रवाल, इम्तियाज वारसी, शाहबाज अहमद, जितेंद्र राणा, सुनील साहू, हीरालाल साहू, क्षितीज मिश्रा, आनंद यादव, पवन यादव, टोनी यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। चतरा में पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता और देवघर में विधायक दल के नेता सुरेश पासवान के नेतृत्व में भी विरोध प्रदर्शन किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित