पटना , दिसंबर 09 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता और जहानाबाद अकलियती कमिटी के जिलाध्यक्ष मो. शहरयार खान के निधन पर मंगलवार को उनके सम्मान में पार्टी का झंडा आधा झुका दिया गया।
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन के लिये अपूरणीय क्षति बताया।
मो. शहरयार खान लंबे समय से राजद की संगठनात्मक मजबूती में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। अपनी सरलता, मिलनसार स्वभाव और अल्पसंख्यक समाज के मुद्दों को मुखरता से उठाने के लिए वे सभी वर्गों में लोकप्रिय थे। उनके निधन की खबर मिलते ही स्थानीय नेताओं और समर्थकों की भीड़ उनके आवास पर उमड़ पड़ी।
राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि शहरयार खान का जाना पार्टी के लिए बड़ी क्षति है। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि वे पार्टी के समर्पित स्तंभ थे और सामाजिक न्याय की लड़ाई में उनका बड़ा योगदान था।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि शहरयार खान हमेशा कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शक रहे और संगठनात्मक मजबूती के लिए निरंतर सक्रिय रहे। सांसद डॉक्टर मीसा भारती ने कहा कि उनका योगदान हमेशा याद किया जायेगा।
इसके अलावा उदय नारायण चौधरी, जगदानंद सिंह, अब्दुल बारी सिद्दीकी, अली अशरफ फातमी, भोला यादव, सैयद फैसल अली, मनोज कुमार झा, सुरेंद्र प्रसाद यादव, संजय यादव, आलोक कुमार मेहता, शक्ति सिंह यादव और एजाज अहमद समेत अनेक वरिष्ठ नेताओं ने शोक संवेदना व्यक्त की है।
सभी नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित