दरभंगा , अक्टूबर 28 -- केन्द्रीय रक्षा मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर हमला करते हुये बुधवार को कहा कि उसकी पार्टी के नेताओं ने बिहार की छवि न सिर्फ देश में बल्कि पूरी दुनिया में खराब की है।
श्री सिंह ने दरभंगा के हायाघाट में राष्ट्रीय जनतांत्रिम गठबंधन समर्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी रामचंद्र प्रसाद के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि राजद के नेताओं ने बिहार की छवि न सिर्फ देश में बल्कि पूरी दुनिया में खराब की है। उन्होंने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का नाम लिए बिना कहा कि बिहार के एक वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री के पूरे परिवार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं, जो दुख का विषय है।पहले एक नारा था,जो खाता न बही, जो लालू कहे वही सही।अब वो नारा नहीं चलेगा। जो जनता कहेगी, वही सही।
केन्द्रीय मंत्री श्री सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था देश में 11वें स्थान से बढ़कर अब चौथे स्थान पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी 'विकसित भारत' के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं।
श्री सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ईमानदारी और शासन शैली की तारीफ करते हुए कहा कि 20 वर्षों तक उन्होंने बिहार की सेवा की है।उन पर भ्रष्टाचार का आरोप कोई नहीं लगा सकता है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी और श्री कुमार की नीयत पर कोई सवाल खड़ा नहीं कर सकता है। श्री मोदी ने देश का मस्तक पूरी दुनिया में उंचा किया है।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार संस्कृति की भूमि है, लेकिन पूर्ववर्ती संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार इसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने में विफल रही। उन्होंने राजद के चुनावी घोषणा पत्र की आलोचना करते हुए कहा कि हर घर में एक सरकारी नौकरी देने का वादा अव्यावहारिक है।'बिहार देश का एकमात्र राज्य है जहां महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण प्राप्त है।'उन्होंने दावा किया कि बिहार में लाखों युवाओं को रोजगार मिला है और बिना किसी से पैसा लिए नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लंबे शासनकाल के बावजूद कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न नहीं दिया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें इस सम्मान से नवाजा।
श्री सिंह ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने जो भी पैसा दिया, वह आधा भ्रष्टाचारियों के भेंट चढ़ गया। उन्होंने कहा कि सोच और नीयत में अंतर होता है, श्री मोदी ने कहा है कि अब एक भी पैसा भ्रष्टाचारियों के हाथ में नहीं जाएगा। श्री मोदी पहली बार जब प्रधानमंत्री बने थे, तभी उन्होंने फैसला लिया था कि सभी गरीबों का बैंक में अकाउंट खोला जाएगा। आज जो भी पैसा महिलाओं, किसानों और बेरोजगारों के लिए केंद्र देती है, वो उनके खाते में पूरा जाता है। नीयत साफ हो तो बड़ा से बड़ा लक्ष्य हासिल हो सकता है। उन्होंने कहा कि मैथिली भाषा की पूछ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने लगी है। उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने जनता के लिए बहुत काम किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित