भागलपुर , मार्च 17 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश में अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राजद शासनकाल की कमियां बताने के साथ यह भी स्पस्ट करना चाहिए कि बिहारवासियों पर पौने चार लाख करोड़ का कर्ज क्यों है।

श्री यादव ने आज बयान जारी कर कहा कि नीतीश सरकार ने बिहार के प्रत्येक व्यक्ति को 33 हजार से अधिक का कर्जदार बना दिया है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार शिक्षा, चिकित्सा एवं सतत विकास सूचकांक में बिहार अंतिम पायदान पर है। बिहार को प्रति व्यक्ति आय, निवेश सहित अन्य विकास के मामले में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने सबसे अंतिम पायदान पर खड़ा कर दिया हैं। जिसका खामियाजा प्रदेश की जनता भुगत रही है।

राजद प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश से रोजगार की खोज में नवजवानों का पलायन जारी है और नीतीश सरकार ने 21 वर्षों के शासनकाल में भागलपुर-बांका जिला अंतर्गत या अंग प्रदेश में उद्योग-धंधे, कल कारखाने, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, IT पार्क, इंडस्ट्री स्पेसिफिक क्लस्टर स्थापित क्यों नहीं किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित