पटना , मार्च 11 -- बिहार राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्य कार्यालय में अमर शहीद जुब्बा सहनी का 73वां शहादत दिवस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर राजद के नेताओं ने जुब्बा सहनी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
माल्यार्पण के बाद अति पिछड़ा प्रकोष्ठ की ओर से विचारगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अति पिछड़ा प्रकोष्ठ श्री अरविंद कुमार साहनी ने की।
राजद अध्यक्ष श्री मंडल ने विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए जुब्बा सहनी की शहादत को याद करते हुए कहा कि जिस तरह से शहीद भगत सिंह, चन्द्रशेखर, असफाक उल्लाह खान सहित अन्य स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी में अपना योगदान दिया उसी तरह का योगदान जुब्बा सहनी का भी रहा, लेकिन उनके योगदान को भुला दिया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने मुजफ्फरपुर में उनके नाम पर पार्क और प्रतिमा की स्थापना सबसे पहल की और उनके प्रति सम्मान का भाव प्रकट किया।
इस अवसर पर राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद, चितरंजन गगन, पूर्व विधायक डॉ. अनवर आलम, संजय ठाकुर, सहित अन्य गणमान्य नेतागण उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित