समस्तीपुर , अगस्त 10 -- अखिल भारतीय किसान सभा और बिहार प्रांतीय खेतिहर मजदूर यूनियन के आह्वान पर सोमवार को आयोजित राष्ट्रव्यापी जेल भरो आंदोलन के तहत समस्तीपुर में बड़ी संख्या में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) विधायक अजय कुमार के नेतृत्व में अपनी गिरफ्तारी दी।
कार्यकर्ताओं ने समस्तीपुर जिला समाहरणालय पर आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन भी किया और समस्तीपुर-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर कई घंटों तक यातायात बाधित किया।
इस अवसर पर माकपा विधायक अजय कुमार ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र लगातार संकट से गुजर रहा है, जिसके कारण किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है, जबकि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि आज खाद, बीज, डीजल, बिजली और कृषि उपकरणों की बढ़ती कीमतों से किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने किसानों की फसलों के लिए लाभकारी न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी देने तथा कृषि संकट का स्थायी समाधान करने की मांग की।
श्री कुमार ने कहा कि मांगों पर सरकार शीघ्र कार्रवाई नहीं करती है तो किसान, मजदूर, महिला और युवा संगठनों के संयुक्त नेतृत्व में बिहार समेत देशव्यापी आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित