पटना , नवंबर 28 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण और उनके स्वाबलंबन के लिए कृत संकल्पित है। श्री मिश्र ने आज बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं को एक बार फिर बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने कहा कि श्री कुमार ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत आज 10 लाख महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपये भेजे। इस राशि से महिलाओं को स्वाबलंबनी होने में मदद मिलेगी। महिलाएं अपने स्तर से कोई उद्यम शुरू कर सकेंगी और फिर सरकार उस उद्यम को आगे बढ़ाने के लिए दो लाख रुपए की और मदद करेगी। यह राशि महिला सशक्तीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

श्री मिश्र ने विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग कहते थे यह सिर्फ सरकार का चुनावी उपक्रम है। चुनाव के बाद सरकार अपनी योजना को भूल जायेगी। ऐसी नकारात्मक सोच रखनेवाले लोगों की आंखें अब खुल जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की तरह राजग कभी हवा-हवाई वादे नहीं करता। उन्होंने कहा कि राजग सरकार जो कहती है, उसे पूरा भी करके दिखाती है। राजग सरकार जनता के विश्वास के साथ कभी खिलवाड़ नहीं कर सकती। राजग सरकार जनता की सभी अपेक्षाओं पर खरा उतरेगी।राजग सरकार के प्रति जनता का विश्वास हमेशा कायम रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित