पटना , नवंबर 04 -- पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बिहार की स्वाभिमानी महिलाओं के समृद्धि की गारंटी है।
श्रीमती ईरानी ने भाजपा मीडिया सेंटर में आयोजित संवादाता सम्मेलन में कहा कि राजग सरकार बिहार की स्वाभिमानी महिलाओं के समृद्धि की गारंटी है। उन्होंने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना को लेकर कहा कि 1.30 करोड़ बहनों के खातों में पहले चरण में 10 हजार रुपये की राशि पहुंच चुकी है और चुनाव के बाद दूसरे चरण में दो लाख रूपये की राशि पहुंचाई जाएगी।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को निशाने पर लेते हुए और चिंता जताते हुए कहा कि एक तरफ राजग की सरकार महिलाओं को सशक्त करने के लिए उनके खाते तक राशि पहुंचा रही है, वही दूसरी तरफ राजद के नेता चुनाव आयोग को लिखित प्रस्ताव देते हैं कि महिला के सशक्तिकरण के इस प्रयास को रोका जाए और बिहार की महिलाओं को इस आर्थिक सहयोग से वंचित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी ने यह मुमकिन कर दिखाया है कि बिहार की स्वावलंबी और स्वाभिमानी महिलाएं जो आर्थिक सशक्तिकरण के रास्ते चल पड़ी हैं, वह न रुकेगी और न महागठबंधन के सामने झुकेगी। उन्होंने इसके लिए महिलाओं को साधुवाद भी दिया।
भाजपा नेता श्रीमती ईरानी ने कहा कि महिला न केवल आर्थिक रूप से बल्कि सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त हो, इस दृष्टिकोण से भारत की संसद ने श्री मोदी के नेतृत्व में एक ऐतिहासिक कानून पारित कर महिलाओं को 33 प्रतिशत का आरक्षण दिया। तब भी और अब भी महिला विरोधी विपक्ष ने महिलाओं के पुरजोर सशक्तिकरण के इस अध्याय का विरोध किया, लेकिन राजग सरकार ने इस कानून को पारित किया। उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने जन धन योजना के तहत बिहार की गरीब बहनों को देश की अर्थव्यवस्था और बैंकिंग वित्तीय संस्थानों से जोड़ा गया। सरकार की तिजोरी से पैसे निकले तो सही हाथों तक पहुंचे, इस प्रयास को सफल होते बिहार की महिलाओं ने देखा। उन्होंने कहा कि आज जनधन योजना से तीन करोड़ से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित