अररिया/किशनगंज , मार्च 11 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार सबका साथ, सबका विकास ध्येय से बिना किसी भेदभाव काम कर रही है।

श्री चौधरी ने आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान अररिया जिले के अररिया कॉलेज में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राजग सरकार सबका साथ, सबका विकास ध्येय से बिना किसी भेदभाव काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने वोट देने या न देने के आधार पर कभी भेदभाव नहीं किया। सभी लोगों को बिजली, पानी और राशन उपलब्ध कराया गया है।

उप मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि मंगलवार को वाल्मीकिनगर एयरपोर्ट निर्माण का टेंडर जारी किया गया है और आज बीरपुर एयरपोर्ट के निर्माण के लिए भी टेंडर जारी हो गया है। उन्होंने घोषणा की कि अररिया जिले के फारबिसगंज में भी जल्द एयरपोर्ट का निर्माण कराया जाएगा।

श्री चौधरी ने कहा कि पहले पटना से अररिया आने में पूरा दिन लगता था, लेकिन अब यह दूरी तीन से चार घंटे में तय होती है। उन्होंने कहा कि एक समय बिहार में बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की भी कमी थी। अररिया के लोग इलाज के लिए नेपाल या पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी जाते थे, जबकि अब यहां लोगों का यही इलाज हो रहा है। अररिया में मेडिकल कॉलेज का भी निर्माण किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित