पटना, जून 14 -- बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने रविवार को कहा कि मोदी सरकार की नाकामियों की वजह से इस तथाकथित अमृत काल में देश की जनता विष पीने के लिए मजबूर हो गई है।
श्री राम ने आज संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले बारह वर्षों के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के शासन काल में देश प्रगति में मानक पर दशकों पीछे चला गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस विनाश के बीच अपनी उपलब्धियों को गिना कर लोगों को गुमराह कर रही है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोग जिन उपलब्धियों का दंभ भरते हुए इस काल को अमृतकाल बता रहे हैं, उसकी काल में देश की आम जनता, छात्र, नौजवान, किसान और महिलाएं विष पीने को मजबूर हैं।
श्री राम ने कहा कि सच्चाई यह है कि प्रधानमंत्री के रूप में श्री मोदी ने देश के विकास को अवरुद्ध तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसे कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सपने बेचकर सत्ता में आई इस सरकार ने 2014 में हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन पिछले 12 साल में इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए कोई ठोस काम नहीं किया गया। भारत इस समय बेरोजगारी के सबसे बड़े संकट से जूझ रहा है और सेंटर फॉर मोनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (सीएमआईई) के आंकड़ों के अनुसार इस समय देश में 45.4 प्रतिशत युवा बेरोज़गार हैं। उन्होंने कहा कि आंकड़े कहते हैं कि इस सरकार ने अपने कार्यकाल में 45 साल के उच्चतम बेरोजगारी दर का कीर्तिमान बनाया है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस सरकर ने कहा था कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी, लेकिन हकीकत में नेशनल क्राइम रिकॉर्डस ब्यूरो (एनसीआरबी) के 2024 के आंकड़ों के अनुसार 10,546 किसानों ने आत्महत्याएँ की है, जो इस सरकार के माथे पर कलंक के समान है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित