पटना , अक्टूबर 28 -- नता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)के सभी विजयी प्रत्याशियों की जीत की बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं और राजग के कार्यकर्ताओं और शिक्षक-स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के प्रबुद्ध मतदाताओं के प्रति आभार प्रकट किया है। श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि यह विजय नीतीश कुमार के पिछले 20 वर्षों के सुशासन और विकास कार्यों पर जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग सरकार ने बीते 20 वर्षों के दौरान युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, शिक्षा व्यवस्था में क्रांतिकारी सुधार लाने तथा शिक्षकों के हितों एवं अधिकारों की रक्षा के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इन कार्यों के प्रति मतदाताओं में राजग के पक्ष में खासा उत्साह देखने को मिला। यह चुनाव परिणाम उसी विश्वास को प्रमाणित करता है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि बिहार के प्रबुद्ध एवं बुद्धिजीवी मतदाताओं ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं लोकप्रिय स्वास्थ्य मंत्री निशांत की विकासपरक जोड़ी पर भी भरोसा जताया है।उन्होंने कहा कि यह जनसमर्थन बिहार को प्रगति के नए आयामों तक ले जाने के राजग के संकल्प को और मजबूती प्रदान करता है।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बाद इस चुनाव परिणाम ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि तथाकथित महागठबंधन दूर दूर तक राजग को चुनौती देने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नकारात्मक रवैये और खोखले दावों के मुकाबले जनता ने सुशासन, विकास और जनहित को प्राथमिकता दी है। जनता का विश्वास दिनोंदिन राजग के प्रति और मजबूत हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित