पटना , अक्टूबर 09 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधान परिषद चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के खिलाफ प्रचार करने वाले गठबंधन के असंतुष्ट नेताओं पर कार्रवाई की चेतावनी देते हुए सभी घटक दलों के कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आठों सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए चुनाव प्रचार तेज करने का आह्वान किया है।

श्री चौधरी ने पटना में शुक्रवार की शाम आयोजित राजग विधानमंडल दल की बैठक में सभी घटक दलों के नेताओं से आपसी समन्वय के साथ काम करने और गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत लगाने को कहा। बैठक में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के भीतर उभरे मतभेदों के बीच गठबंधन की एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया गया।

इस बैठक के बाद वरिष्ठ जदयू नेता एवं बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि राजग की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि गठबंधन के खिलाफ प्रचार करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई के सवाल पर श्री कुमार ने कहा कि यदि कोई गठबंधन के विरुद्ध प्रचार करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, इस मामले में अनंत सिंह अपने रुख पर कायम हैं। उन्होंने बैठक से पहले और बाद में दोहराया कि वह पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अपना निर्णय नहीं बदलेंगे। अनंत सिंह ने यह भी कहा कि बैठक का मुख्य विषय विधान परिषद चुनाव नहीं था, लेकिन अनुज सिंह के प्रति उनका समर्थन बरकरार है।

उल्लेखनीय है कि अनंत सिंह कथित तौर पर अनुज सिंह के समर्थन में रोड शो कर चुके हैं और उनकी जीत का भरोसा भी जता चुके हैं। उनके इस रुख से जदयू के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में यह विवाद सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर मतभेद का प्रमुख मुद्दा बन गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित