पटना , जून 06 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शनिवार को कहा कि राजगीर मलमास मेला आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम है।
डॉ. कुमार आज राजगीर में आयोजित ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व के मलमास मेले में भ्रमण के लिए आये और सपरिवार प्रातःकाल ब्रह्ममुहूर्त में पवित्र कुंड में स्नान करने के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पूजा अर्चना के दौरान उन्होंने राज्य एवं देश की सुख-शांति, समृद्धि, खुशहाली तथा जनकल्याण के लिए विभिन्न देवी-देवताओं से प्रार्थना की।
डॉ. कुमार ने इस पवित्र आयोजन में भाग लेने के बाद कहा कि राजगीर का मलमास मेला सनातन संस्कृति,धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक साधना का विश्वविख्यात केंद्र है। यह मेला देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ने का कार्य करता है। कहा जाता है कि मलमास मेला को सुव्यवस्थित करने का काम मगध के तात्कालिक चक्रवर्ती सम्राट महाराज जरासंध ने किया था। उन्होंने कहा कि भक्ति और कुश्ती दोनों उनके जीवन में प्रिय और अभिन्न अंग था। महाराज जरासंध की नगरी राजगीर में मलमास अवधि में सारे देवी देवता आकर निवास करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित