नाहन (हिमाचल प्रदेश) , अप्रैल 22 -- राजगढ़ नागरिक अस्पताल में बुधवार सुबह अस्पताल के शौचालय में एक नवजात का शव मिलने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गयी।

रिपोर्टों के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे एक सफाई कर्मचारी हमेशा की तरह शौचालय की सफाई करने पहुंचा। सफाई के दौरान उसने शौचालय की सीट में कुछ फंसा देखा। बारीकी से जांच की तो एक नवजात का शव मिला। कर्मचारी सन्न रह गया और उसने तुरंत स्टाफ नर्सों और डॉक्टरों को सूचित किया।

घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन हरकत में आ गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गयी। सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

राजगढ़ की बीएमओ डॉ. उपासना शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आज सुबह अस्पताल के शौचालय में एक नवजात मृत पाया गया। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है।

पुलिस ने अस्पताल के कर्मचारियों के बयान दर्ज किए हैं और इस अमानवीय कृत्य के लिए जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि जन्म के तुरंत बाद नवजात को वहां फेंक दिया गया होगा, हालांकि वास्तविक परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित