गांधीनगर , फरवरी 21 -- गुजरात के राजकोट में लायन सफारी, अंतरराष्ट्रीय स्तर का अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कन्वेंशन सेंटर, आवास और फिल्टर प्लांट आकर्षण का केंद्र बनेंगे।
सूत्रों ने शनिवार को बताया कि गुजरात सरकार के शहरी विकास वर्ष 2025 के अंतर्गत राजकोट महानगर पालिका की ओर से वार्ड नं. 17 में अंतरराष्ट्रीयस्तर का अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार किया जा रहा है। ओलंपिक और कॉमनवेल्थ खेलों को ध्यान में रखते हुए इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर की डिजाइन और सुविधाओं के साथ तैयार किया जा रहा है। इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के तैयार होने के बाद राजकोट सहित सौराष्ट्र के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध होगा और आगामी समय में राजकोट के लोगों को लायन सफारी, कन्वेंशन सेंटर, आवास और फिल्टर प्लांट की सौगात भी मिलेगी।
शहर के पर्यटन विकास और प्राकृतिक पर्यावरण के संरक्षण को ध्यान में रखकर राजकोट महानगर पालिका लायन सफारी पार्क प्रोजेक्ट के काम को तेज गति से आगे बढ़ा रही है। लायन सफारी पार्क प्रोजेक्ट के अंतर्गत अब तक कंपाउंड वॉल (परिसर की दीवार), जानवरों और आगंतुकों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर पांच मीटर ऊंची चेन लिंक फेंसिंग दीवार (बाड़) का काम, जानवरों के लिए आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से नाइट शेल्टर, पार्क के अंदरूनी क्षेत्र में आसान आवाजाही के लिए आंतरिक सड़कें बनाने का काम तथा पार्क क्षेत्र के बाहर इंस्पेक्शन रोड का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है। आगामी दिनों में लायन सफारी पार्क शहर के लोगों के लिए आकर्षण का एक नया केंद्र बनेगा।
राज्य सरकार ने राजकोट शहर को और अधिक उन्नत बनाने के लिए अविरत प्रयास किये हैं, जिसमें अटल सरोवर, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और कई फ्लाईओवर सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं से राजकोट का कायापलट हुआ है और शहरीजनों की सुख-सुविधा में वृद्धि हुई है। ये सभी विकास कार्य नगरजनों की खुशहाली बढ़ाने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दिखाते हैं। 'विकसित गुजरात से विकसित भारत' के मंत्र को चरितार्थ करने के लिए राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में राज्य में शहरों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
राज्य के महत्वपूर्ण शहर राजकोट में भी आगामी समय में विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से 'ईज ऑफ लिविंग' को बढ़ावा दिया जा रहा है। राजकोट महानगर पालिका की ओर से शहर में आवास, पुल और सड़कों सहित विभिन्न इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण तेज गति से आगे बढ़ रहा है। इसके चलते आगामी दिनों में राजकोटवासियों को नये स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, फिल्टर प्लांट और लायन सफारी पार्क जैसी सुविधाओं की सौगात मिलेगी।
नागरिकों को किफायती दरों पर आवास उपलब्ध कराने के लिए राजकोट महानगर पालिका की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 119 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से रेल नगर क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस)- 2 श्रेणी के 1010 आवासों का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है। आवास योजना में रूफटॉप सोलर सिस्टम, पानी की लाइन, ड्रेनेज सिस्टम, गैस पाइप लाइन, ऑटो डोर लिफ्ट, वर्षा जल संचयन, ऑटो डीजी जनरेटर सेट्स, फायर टैंक और फुलप्रूफ फायर सिस्टम तथा बच्चों के खेलने के मैदान जैसी सुविधाएं प्रदान की गयी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित