रांची , अप्रैल 06 -- झारखंड के लिए केंद्र सरकार के द्वारा रेलवे बजट में किए गए बड़े आवंटनों पर राष्ट्रीय लोकजनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज ने प्रसन्नता जाहिर की है।

श्री राज ने कहा कि कोडरमा-रांची, गिरिडीह-कोडरमा और कोडरमा-तिलैया जैसी अहम रेल परियोजनाओं के लिए हजारों करोड़ रुपये का प्रावधान राज्य के समग्र विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

झारखंड में रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए इस वर्ष के रेलवे बजट में बड़े निवेश का ऐलान किया गया है। राज्य की कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं के लिए हजारों करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

कोडरमा-रांची नई रेल लाइन, जिसकी लंबाई करीब 189 किलोमीटर है, के लिए 3,376.82 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। यह परियोजना राजधानी रांची को सीधे जोड़ते हुए आवागमन को आसान बनाएगी। गिरिडीह-कोडरमा 102.5 किलोमीटर रेल लाइन के लिए 925.99 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस लाइन से उत्तर और मध्य झारखंड के बीच संपर्क और मजबूत होगा। कोडरमा-तिलैया 68 किलोमीटर रेल लाइन के लिए 1,626 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जिससे स्थानीय यातायात और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

इसके अलावा, धनबाद-गिरिडीह 50 किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाने के लिए फाइनल सर्वेक्षण किया जाएगा। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में 13 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। उल्लेखनीय है कि पिछले वित्तीय वर्ष में भी सर्वे के लिए इतनी ही राशि निर्धारित की गई थी।

श्री राज ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से झारखंड में व्यापार, रोजगार और आवागमन की स्थिति में व्यापक सुधार होगा, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित