पटना , अप्रैल 29 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार के अंतिम संस्कार को राजकीय सम्मान के साथ संपन्न कराने और उनके परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मंगलवार की शाम भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में अपराधियों ने कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि यह अत्यंत दुःखद घटना है। उन्होंने कहा कि दिवंगत अधिकारी ने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। साथ ही दिवंगत अधिकारी के दाह-संस्कार को राजकीय सम्मान के साथ कराया जाएगा।उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित