पटना , अक्टूबर 31 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संस्थापक सदस्य, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं प्रख्यात समाजसेवी डॉ. रवीन्द्र किशोर सिन्हा का शनिवार को पटना के दीघा घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। स्व.डॉ. सिन्हा के पुत्र एवं भाजपा के राष्ट्रीय संकुल प्रकोष्ठ के सह-संयोजक ऋतुराज सिन्हा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्हें मुखाग्नि दी। इस अवसर पर पुलिस बल ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी।
इससे पहले डॉ. सिन्हा के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए पटना स्थित उनके आवास 'अन्नपूर्णा' में रखा गया, जहां विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, उद्योग जगत की हस्तियों और आम लोगों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने आवास पहुंचकर डॉ. सिन्हा के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों और उनके पुत्र ऋतुराज सिन्हा से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भी आवास पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी और परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
श्रद्धांजलि देने वालों में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, गिरिराज सिंह, उपेंद्र कुशवाहा और चिराग पासवान, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद रविशंकर प्रसाद, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बिहार भाजपा प्रभारी हरीश द्विवेदी, बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल एवं मिथिलेश तिवारी, पूर्व मंत्री मंगल पांडेय, जनक राम, रेणु देवी,तारकिशोर प्रसाद, राजू सिंह, आलोक कुमार सहित कई गणमान्य लोग शामिल थे।
भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री सौदान सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ और प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया सहित पार्टी तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी इस मौके पर मौजूद थे।
सभी नेताओं ने डॉ. आर.के. सिन्हा के निधन को बिहार की राजनीति, समाज सेवा और उद्योग जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा के संगठन निर्माण और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित