रांची , जुलाई 29 -- झारखंड के देवघर स्थित विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में बुधवार को राजकीय श्रावणी मेले का विधिवत उद्घाटन किया गया।
राज्य सरकार के तीन मंत्री सुदिव्य कुमार, संजय प्रसाद यादव और दीपिका पांडेय सिंह ने संयुक्त रूप से मेले का शुभारंभ किया। इसके साथ ही 30 जुलाई से शुरू हो रहे पावन श्रावण मास की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष श्रावण मास 30 जुलाई से 28 अगस्त की दोपहर तक रहेगा। इस अवधि में बाबा बैद्यनाथ की स्पर्श पूजा पूरी तरह बंद रहेगी और श्रद्धालु केवल अरघा के माध्यम से ही जलार्पण कर सकेंगे।
प्रशासन ने बताया कि आम श्रद्धालु मुख्य अरघा से जलार्पण करेंगे, जबकि शीघ्रदर्शनम सुविधा का लाभ लेने के लिए प्रति श्रद्धालु 600 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। कूपनधारी श्रद्धालु सुविधा केंद्र से कतार में लगकर वीआईपी गेट के माध्यम से मंदिर में प्रवेश करेंगे।
वहीं बाह्य अरघा की व्यवस्था को भी इस बार और प्रभावी बनाया गया है। निकास द्वार के पास बने बाह्य अरघा से जलार्पण करने पर पाइपलाइन के जरिए जल सीधे बाबा बैद्यनाथ पर अर्पित होगा। इस दौरान श्रद्धालु मंदिर की छत पर लगी एलईडी स्क्रीन पर जलार्पण का सीधा प्रसारण भी देख सकेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्वती मंदिर में पूजा के लिए कतार व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। अब बाबा मंदिर में जलार्पण के बाद श्रद्धालुओं को पूरब द्वार से बाहर निकलकर बड़ा बाजार होते हुए नाथबाड़ी पहुंचना होगा, जहां से पार्वती मंदिर के लिए अलग कतार में प्रवेश मिलेगा।
करोड़ों श्रद्धालुओं के संभावित आगमन को देखते हुए राज्य सरकार ने सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को व्यापक रूप दिया है। देवघर और दुमका जिलों में झारखंड प्रशासनिक सेवा के कुल 65 अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनमें देवघर में 40 उप समाहर्ता स्तर के अधिकारी, दुमका में 23 प्रशिक्षु उप समाहर्ता स्तर के अधिकारी तथा उप सचिव स्तर के विनोद कुमार कर्मकार और आशुतोष कुमार ओझा को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी अधिकारी 27 जुलाई से 28 अगस्त तक अपने-अपने कार्यक्षेत्र में तैनात रहेंगे।
उधर, पुलिस मुख्यालय ने भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए देवघर और वासुकिनाथ धाम में 27 पुलिस पदाधिकारियों, जिनमें सब-इंस्पेक्टर भी शामिल हैं, की तैनाती की है। इनकी प्रतिनियुक्ति 25 जुलाई से 31 अगस्त तक प्रभावी रहेगी। इसके अलावा संचार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए वायरलेस शाखा के 10 पुलिस ऑपरेटरों को भी देवघर में तैनात किया गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित व्यवस्था का पालन करते हुए सुरक्षित और सुगम दर्शन का लाभ उठाने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित