भरतपुर , जनवरी 13 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर जिले के गंगापुर सिटी तहसील में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय की रसोई में कथित रूप से मांसाहार पकाये जाने के मामले में शिक्षा विभाग ने मंगलवार को प्रधानाध्यापक अमरसिंह मीणा को निलम्बित कर दिया।
इस मामले में वीडियो सामने आते ही शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन सदस्यीय एक जांच समिति भी गठित की है। यह कार्रवाई सवाई माधोपुर के जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) प्रारंभिक शिक्षा देवीलाल मीणा ने की।
आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में अमर सिंह मीणा का मुख्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा सवाई माधोपुर निर्धारित किया गया है।
यह मामला 12 जनवरी का है। तालाब की ढाणी, हिंगोटा में स्थित राजकीय विद्यालय में प्रधानाध्यापक अमरसिंह मीणा ने बच्चों की छुट्टी करके विद्यालय की रसोई में मांसाहार टिक्कड़ पकवाया । विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगवाकर वह खुद शराब के नशे में धूप में जाकर बैठ गया। इसकी जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया और उन्होंने आज प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने इस पूरे मामले का वीडियो भी शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सौंपा। वीडियो में प्रधानाध्यापक अमरसिंह मीणा का उग्र वक्तव्य भी सुना गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित