अलवर , सितम्बर 25 -- राजस्थान में अलवर जिले में मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे 'शुद्ध आहार, मिलावट पर वार' अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग के दल ने शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज, जेल सर्किल स्थित रसोई सहित कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
मेडिकल कॉलेज की रसोई में जांच के दौरान करीब 70 किलो पुराना आटा, मैदा, बेसन, अरहर और मूंग की दाल एक कोने में रखी मिली। खाद्य सामग्री में भारी मात्रा में इल्ली पड़ी हुई थी, जिसके बाद दल ने मौके पर ही इसे हटवाकर नष्ट करवाया। रसोई में पुराने और फंगस लगे ब्रेड-पाव भी मिले, जिन्हें भी मौके पर नष्ट कराया गया।
वहां से सोयाबीन तेल और मसाले के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गये। वहीं साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर रसोई संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत इंप्रूवमेंट नोटिस दिया गया।
विभाग के दल ने हरीश हॉस्पिटल टेल्को सर्किल के सामने स्थित सिगड़ी रेस्टोरेंट की किचन का भी निरीक्षण किया, जहां साफ-सफाई ठीक नहीं मिलने पर संचालक को इंप्रूवमेंट नोटिस दिया गया और दो नमूने जांच के लिए लिए गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित