श्रीगंगानगर , जुलाई 18 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में नयी किरण नशा मुक्ति अभियान के तहत नशे के कारण, दुष्प्रभाव एवं बचाव के उपाय विषय पर शनिवार को जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. रामप्रकाश शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में नशे की समस्या वैश्विक स्तर पर गंभीर चुनौती बन चुकी है। विश्व में करीब 35 करोड़ लोग नशे की गिरफ्त में हैं, जिनमें से करीब 16 करोड़ भारतीय हैं। उन्होंने नशे के विभिन्न प्रकार, इसके सामाजिक, आर्थिक एवं मनोवैज्ञानिक कारणों, व्यक्ति, परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों और नशे से बचाव के प्रभावी उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्राचार्य डॉ. इकबालसिंह ने विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं उद्देश्यपूर्ण जीवन अपनाने का आह्वान किया। डॉ. चारुलता वर्मा ने विद्यार्थियों से नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित