छपरा , अगस्त 10 -- राजकीय छपरा चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के जूनियर डॉक्टर चार माह के वेतन बकाया रहने के कारण सोमवार को हड़ताल पर चले गए।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पिछले चार माह से छपरा चिकित्सा महाविद्यालय के जूनियर डॉक्टर विना वेतन के ही काम कर रहे हैं। सभी जूनियर डॉक्टर आज अपने बकाया वेतन की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन कालीन हड़ताल पर चले गए हैं, जिसके कारण ओपीडी सेवा सहित अन्य सभी सेवाएं स्थगित हो गई है। मरीज और उसके परिजन इलाज के लिए इधर उधर भटक रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि इस मामले में महाविद्यालय के प्राचार्य का कहना है कि सरकार की ओर से वेतन जारी नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक वेतन जारी होने की संभावना है।
प्राचार्य ने कहा कि उन्होंने गत 08 अगस्त को सरकार के समक्ष इस मामले को गंभीरता से रखा है। जिसके बाद सरकार ने आश्वासन दिया है कि बहुत जल्द सभी जूनियर डॉक्टरों का वेतन जारी किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित