घनौर , अप्रैल 03 -- यूथ अकाली दल के अध्यक्ष और घनौर हलका इंचार्ज सरबजीत सिंह झिंजर ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) के शीर्ष नेतृत्व और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा पर भ्रष्टाचार और पंजाब विरोधी कार्य करने के गंभीर आरोप लगाये।

श्री झिंजर ने दावा किया कि 'आप' के भीतर चल रहा आंतरिक कलह सिद्धांतों की लड़ाई नहीं, बल्कि अवैध वित्तीय लेन-देन और 'काले धन' के बंटवारे का परिणाम है।

पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री झिंजर ने कहा कि श्री चड्ढा और 'आप' आलाकमान के बीच विवाद आने वाले दिनों में और गहराएगा। उन्होंने कहा, "यह घिनौना झगड़ा आदर्शों के बारे में नहीं है,-यह पूरी तरह से अवैध धन के बंटवारे के बारे में है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आप संयोजक अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान और पूरा 'आप' नेतृत्व के भ्रष्टाचारपूर्ण लेन-देन जनता के सामने बेनकाब हो जाएंगे।"श्री मान की तीखी आलोचना करते हुए श्री झिंजर ने कहा कि पंजाब के राज्यसभा कोटे का इस्तेमाल योग्य पंजाबियों के बजाय उत्तर प्रदेश और बिहार के नेताओं को उपकृत करने के लिए किया गया है। उन्होंने इसे पंजाबियों के साथ 'सीधी धोखाधड़ी' करार दिया और कहा कि ये "आयातित" नेता पंजाब की मिट्टी और यहां के असली मुद्दों से कोई लगाव नहीं रखते।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित