बैतूल , अगस्त 30 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम निरगुड़ में रक्षाबंधन पर बहन से राखी बंधवाने मुंबई से आए 55 वर्षीय व्यक्ति का शव शनिवार को खेत के कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नेपाल हजारे के रूप में हुई है। वह करीब 40 वर्षों से अपने परिवार के साथ मुंबई में रह रहे थे और वहां फोटोग्राफी का काम करते थे।
पुलिस के अनुसार नेपाल हजारे रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी बहन हेमलता कसारे से राखी बंधवाने के लिए 27 अगस्त को अपने गांव निरगुड़ पहुंचे थे। 28 अगस्त को वह बहन से गांव में घूमकर थोड़ी देर में वापस आने की बात कहकर घर से निकले, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे।
काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद बहन हेमलता कसारे ने मुलताई थाने पहुंचकर भाई की गुमशुदगी दर्ज कराई। भाई के लापता होने के कारण बहन उन्हें राखी भी नहीं बांध सकी।
गुमशुदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने भी नेपाल की तलाश शुरू की। शनिवार को परिजन और ग्रामीण गांव के आसपास तलाश कर रहे थे। इसी दौरान साहेबलाल के खेत में स्थित कुएं में नेपाल का शव दिखाई दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर मुलताई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव सुरक्षित रखवा दिया है। परिजनों के मुंबई से पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
मुलताई थाना प्रभारी विकास पटेल ने बताया कि नेपाल हजारे का शव कुएं में मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। हादसा हुआ है अथवा मौत के पीछे कोई अन्य कारण है, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नेपाल के गांव से निकलने के बाद की गतिविधियों और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों और ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।
रक्षाबंधन पर बहन से राखी बंधवाने मुंबई से गांव आए नेपाल की इस तरह मौत होने से परिवार में मातम पसरा है। जिस भाई के इंतजार में बहन राखी लेकर बैठी थी, उसके शव मिलने की खबर से पूरा परिवार सदमे में है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित