कोटा , मई 11 -- राजस्थान में कोटा के जे.के. लोन अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में लगातार हो रही प्रसूताओं की मौतों के बाद शहर में आक्रोश और बढ़ गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की रात एक और प्रसूता की मौत के बाद सोमवार को सुबह शहर जिला कांग्रेस समिति अध्यक्ष राखी गौतम मृतक के परिजनों के साथ मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गईं।

रात को सूचना मिलते ही राखी गौतम अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और नवजात शिशु को गोद में लेकर दुलार किया। परिजनों की पीड़ा और प्रशासन की लापरवाही देखकर गौतम ने मौके पर ही धरना शुरू कर दिया।

राखी गौतम ने पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने, दोषी चिकित्सकों और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने और मृतक के परिवारों को 50 लाख का एवं पीड़ित परिजनों को 20 लाख रुपये के मुआवजे की मांग की है।

धरने में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी शामिल हुए। फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित