मुंबई , मार्च 24 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने मंगलवार को कहा कि वह महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा सीट पर निर्विरोध उपचुनाव कराने की कोशिश करेगी।
पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे ने पुष्टि की कि इस पर आम सहमति बनाने के लिए पार्टी विपक्षी दलों के साथ बातचीत शुरू करेगी। पुणे जिले की बारामती सीट और अहिल्यानगर की राहुरी सीट पर उपचुनाव पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और भाजपा विधायक शिवाजी कर्डिले के निधन के कारण अनिवार्य हो गये हैं। चुनाव आयोग ने इन सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान निर्धारित किया है।
श्री तटकरे ने संवाददाताओं से कहा कि उपमुख्यमंत्री बारामती चुनाव क्षेत्र के लिए छह अप्रैल को अपना नामांकन दाखिल करने वाली हैं। उन्होंने आगे कहा कि वह और पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल, दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ बातचीत शुरू करेंगे और निर्विरोध चुनाव की संभावना तलाशने के लिए शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे से भी मुलाकात करेंगे।
श्री तटकरे ने स्पष्ट किया कि यदि आवश्यकता हुई तो वे और पटेल राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ भी चर्चा करेंगे, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उपचुनाव बिना किसी विरोध के संपन्न हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि श्री अजित पवार के दुर्भाग्यपूर्ण निधन के मद्देनजर पार्टी की इच्छा है कि यह चुनाव निर्विरोध हो।
उन्होंने राकांपा (पवार) नेता सुप्रिया सुले का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने घोषणा की है कि उनका गुट बारामती सीट पर अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगा। उन्होंने हालांकि इस ओर भी इशारा किया कि कांग्रेस ने चुनाव लड़ने की इच्छा जतायी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित