मुंबई , जून 16 -- महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा-अजीत पवार) जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ को मजबूत करने के उद्देश्य से संगठन में बड़े स्तर पर फेरबदल और नियुक्तियों की प्रक्रिया में युवाओं को अहम जिम्मेदारी देकर अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने की कोशिश कर रही है।

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं छगन भुजबल, प्रफुल्ल पटेल और राज्य अध्यक्ष सुनील तटकरे ने श्री पार्थ पवार और श्रीमती सुनेत्रा पवार के साथ सोमवार देर रात मुंबई में उनके सरकारी आवास 'देवगिरी' में इस बदलाव को आखिरी रूप देने के लिए बैठक की।

बैठक में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने और युवा एवं महिला मतदाताओं के बीच अपनी पैठ बढ़ाने को पार्टी की रणनीति को फिर से तय करने पर ध्यान केंद्रित किया गया। चर्चा का एक मुख्य मुद्दा पार्टी की महिला विंग के लिए नये राज्य अध्यक्ष की नियुक्ति थी। नासिक के एक व्यक्ति से जुड़े विवादों के बाद रूपाली चाकनकर के इस्तीफे के बाद मार्च 2026 से यह पद खाली पड़ा है। गौरतलब है कि श्रीमती वैशाली नागवाड़े को महिला विंग का नेतृत्व सौंपने पर आम सहमति बन गई है।

पार्टी नेतृत्व ने संगठन में नयी ऊर्जा भरने के लिए कई खास विंग में बड़े बदलाव करने का भी फैसला किया है। प्रस्तावित नियुक्तियों में श्रीमती वैशाली नागवाड़े को महिला आयोग की अध्यक्ष, श्री निखिल ठाकरे को युवा अध्यक्ष और श्री आकाश जाम्ब्रे को छात्र संघ के अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी सौंपने की संभावना है। संगठन में इन बदलावों को चुनाव से पहले अंदरूनी कमियों को दूर करने और पार्टी कैडर को एकजुट करने के लिए एक रणनीतिक कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित