मुंबई , अप्रैल 30 -- महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के कोटे से पार्टी आलाकमान ने विधान परिषद की एकमात्र सीट के लिए युवा नेता एवं पूर्व विधायक जीशान सिद्दीकी को अपना उम्मीदवार बनाया है।

श्री जीशान सिद्दीकी दिवंगत राजनेता बाबा सिद्दीकी के सुपुत्र हैं।

यह ऐलान उपमुख्यमंत्री के आवास 'देवगिरी' पर देर रात को किया गया।

राकांपा नेतृत्व ने उम्मीदवार के नाम को अंतिम रूप देने से पहले उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और 'महायुति' के अन्य सहयोगियों से सलाह-मशविरा किया। पार्टी के कुछ वरिष्ठ सदस्यों ने हालांकि अन्य नामों के लिए जोर लगाया लेकिन अंततः जीशान सिद्दीकी के नाम पर सर्वसम्मति बन गई।

गौरतलब है कि बांद्रा पूर्व से पूर्व विधायक जीशान सिद्दीकी को पार्टी के लिए एक प्रमुख युवा और अल्पसंख्यक चेहरा माना जाता है। वे 2024 के विधानसभा चुनावों में मिली हार के बावजूद पार्टी संगठन के भीतर बेहद सक्रिय रहे। इस नामांकन को राकांपा नेतृत्व द्वारा श्री जीशान सिद्दीकी के राजनीतिक पुनर्वास की एक रणनीतिक पहल के तौर पर देखा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित