मुंबई , अप्रैल 01 -- महाराष्ट्र प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने बुधवार को कहा कि सरसेनापति हंबीरराव मोहिते की पुत्री तारा रानी के बारे में एक जैन मुनि के बयान का कोई समर्थन नहीं करता है हालांकि शिवसेना(यूबीटी) नेता संजय राउत ने छत्रपति शिवाजी महाराज की वंशावली के प्रमाण मांगे थे जिसके लिए उन्हें शिवाजी के वंशजों से माफी मांगनी चाहिए।
श्री बन ने कहा कि शिवाजी महाराज के वंशजों के प्रमाण मांगने के लिए श्री राउत को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और उसके बाद ही मराठा साम्राज्य के गौरवशाली इतिहास पर बोलना चाहिए।
इस मामले को लेकर उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया जब जैन मुनि आचार्य नयन पद्मसागर ने दावा किया कि मराठा सेनापति हंबीरराव मोहिते की पुत्री और छत्रपति शिवाजी महाराज की पुत्रवधू महारानी तारा रानी एक जैन रानी थीं।
मुंबई में एक कार्यक्रम में बोलते हुए जैन मुनि ने दावा किया कि तारा रानी जैन समुदाय से थीं और उनका जन्म एक जैन योद्धा के रूप में "औरंगजेब को नष्ट करने के लिए" हुआ था। उन्होंने यह भी दावा किया कि मराठी भाषा का निर्माण एक जैन आचार्य ने किया था। श्री राउत ने इन टिप्पणियों पर आक्रामक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुनि के अधिकार पर सवाल उठाया कि वह "अपनी मर्जी से तारा रानी को जैन कैसे घोषित कर सकते हैं"।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित